गुरुग्राम: रील में हथियार लहराकर बदमाशी दिखाना पड़ा भारी, 59 अकाउंट्स पर पुलिस की कार्रवाई

Kittu Kumari7 October 20262 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: रील में हथियार लहराकर बदमाशी दिखाना पड़ा भारी, 59 अकाउंट्स पर पुलिस की कार्रवाई

सोशल मीडिया पर रील बनाने और गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा देने वालों के लिए गुरुग्राम पुलिस ने सख्त संदेश दिया है। पुलिस ने अपने विशेष अभियान 'ऑपरेशन अंकुश' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उन लोगों पर शिकंजा कसा है जो हथियारों का प्रदर्शन कर अपनी दबंगई दिखाना चाहते थे। इस मुहिम के दौरान पुलिस ने करीब 2000 सोशल मीडिया अकाउंट्स की बारीकी से जांच की, जिनमें से 59 अकाउंट आपत्तिजनक पाए गए।

पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने पाया कि इन अकाउंट्स पर न केवल हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा था, बल्कि गैंगस्टर वाले गानों के साथ बदमाशी वाली वीडियो पोस्ट की जा रही थीं। जांच में सामने आया कि 42 अकाउंट्स पर हथियारों का प्रदर्शन हो रहा था, जबकि 17 अकाउंट्स ऐसे थे जो सीधे तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति को बढ़ावा दे रहे थे। पुलिस ने तुरंत इन सभी अकाउंट संचालकों को पकड़कर उनसे आपत्तिजनक कंटेंट डिलीट करवाया।

अवैध हथियार बरामद, लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को कुछ चौंकाने वाले तथ्य भी मिले। कई आरोपियों के पास से वही अवैध हथियार बरामद हुए हैं जिन्हें उन्होंने अपनी रीलों में दिखाया था। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं, जिन लोगों ने अपने वैध लाइसेंसी हथियार दूसरों को रील बनाने के लिए दिए थे, पुलिस ने उनके लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस ने पकड़े गए युवकों की काउंसलिंग की और उन्हें समझाया कि इस तरह का दिखावा समाज में गलत संदेश भेजता है और युवाओं को अपराध की ओर धकेलता है। गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए करें और अपराध को महिमामंडित करने वाली किसी भी सामग्री को न तो बनाएं और न ही शेयर करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment