गुरुग्राम: पुलिस मुठभेड़ में इनामी ड्रग तस्कर समेत तीन बदमाश गिरफ्तार, फायरिंग में पुलिसकर्मी घायल

गुरुग्राम की अपराध शाखा ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे तीन हथियारबंद बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। यह पूरी घटना शुक्रवार देर रात की है, जब सेक्टर-65 की पुलिस टीम ने बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान हुई जबरदस्त फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां दो बदमाशों के पैर में लगीं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक हथियारों के साथ लूटपाट करने की फिराक में घूम रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की थी। रात करीब 11 बजे जब बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
बदमाशों ने चलाईं 6 गोलियां, पुलिस ने आत्मरक्षा में किया पलटवार
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए करीब छह गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी और दूसरी एक पुलिसकर्मी की बाजू में जा घुसी। अपनी जान बचाने और बदमाशों को रोकने के लिए पुलिस ने भी तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत तीनों को काबू कर लिया और घायल पुलिसकर्मी समेत बदमाशों को अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में हुई है। पकड़े गए बदमाशों में फूल बाबू शेख एक इनामी अपराधी है, जिस पर गुरुग्राम पुलिस ने पहले ही इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने इनके पास से 136 ग्राम एमडीएमए (MDMA), एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और खाली कारतूस बरामद किए हैं।
जांच में पता चला है कि इन तीनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मार्फत पर चोरी, जाली करेंसी और ड्रग्स तस्करी जैसे चार मामले दर्ज हैं, जबकि फूल बाबू और श्रीकुल पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस ने सेक्टर-65 थाने में सरकारी काम में बाधा डालने, जानलेवा हमले और ड्रग्स तस्करी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।