गुरुग्राम: पुलिस की टोपी क्या यातायात नियम तोडऩे का लाइसेंस है?
गुरुग्राम में पुलिस बूथ के पास खड़ी एक कार की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई, लेकिन डैशबोर्ड पर रखी पुलिस टोपी ने उसे बचा लिया।

गुरुग्राम के सिविल लाइन इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने कानून के रखवालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ जिला सैनिक बोर्ड के पास एक पुलिस बूथ के ठीक बगल में एक ऐसी कार खड़ी थी, जिसकी नंबर प्लेट के साथ सरेआम छेड़छाड़ की गई थी। हैरानी की बात यह है कि पुलिसकर्मियों की नजरों के सामने होने के बावजूद इस वाहन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, और इसकी वजह शायद डैशबोर्ड पर रखी एक 'पुलिस की टोपी' थी।
कार की नंबर प्लेट को गौर से देखने पर पता चलता है कि चालक ने चालाकी से नंबर मिटा दिए थे। गाड़ी के आगे के हिस्से से पांच डिजिट और पीछे से चार डिजिट का काला रंग उतार दिया गया था, ताकि नंबर स्पष्ट न दिखें। आमतौर पर लोग ऐसा इसलिए करते हैं ताकि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से बच सकें और ऑटोमैटिक चालान न कटे। लेकिन इस मामले में तो कार पुलिस बूथ से महज कुछ कदमों की दूरी पर खड़ी थी, फिर भी पुलिसकर्मियों ने इसे पूरी तरह अनदेखा कर दिया।
नियमों की धज्जियां और पुलिस की चुप्पी
मोटर वाहन अधिनियम के तहत नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना या उसे अपठनीय बनाना एक गंभीर अपराध है। इसके लिए भारी जुर्माना और गाड़ी जब्त करने तक का प्रावधान है। ऐसे वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर होनी चाहिए क्योंकि नंबर मिटाने के पीछे टोल चोरी या किसी अपराध को छिपाने की मंशा हो सकती है। लेकिन यहाँ सवाल यह उठता है कि क्या डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रख देने मात्र से कोई व्यक्ति कानून से ऊपर हो जाता है?
अब इस पूरे मामले में दो ही संभावनाएं नजर आती हैं। या तो यह कार किसी पुलिसकर्मी की है, जिसने वर्दी के रसूख में नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं, या फिर यह किसी ऐसे आम व्यक्ति की है जो पुलिस की टोपी का इस्तेमाल कर पुलिस को गुमराह कर रहा है। दोनों ही स्थितियां बेहद गंभीर हैं। अगर यह किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही है, तो उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और अगर कोई बाहरी व्यक्ति पुलिस की छवि का दुरुपयोग कर रहा है, तो यह सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा खतरा है।