गुरुग्राम में नगर निगम की सख्त नजर: सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की हुई वर्चुअल समीक्षा

Kittu Kumari23 August 20262 min read119 viewsNCR
गुरुग्राम में नगर निगम की सख्त नजर: सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की हुई वर्चुअल समीक्षा

गुरुग्राम में शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा सफाई कर्मचारी यूनियन की हड़ताल से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो और नागरिकों को नियमित रूप से सफाई एवं कचरा संग्रहण की सुविधा मिलती रहे। इस बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका व रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षक शामिल हुए।

फील्ड में होगी कर्मचारियों और वाहनों की जांच


निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वार्ड कमेटी सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में रहें और वार्ड स्तर पर सफाई से संबंधित समस्याओं की जानकारी लेते रहें। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में निर्देश दिए गए कि संयुक्त आयुक्त सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच नियमित रूप से फील्ड में जाकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा सफाई कर्मचारियों की उपलब्धता एवं कार्य की जांच करें। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि निर्धारित संसाधन और कर्मचारी वास्तव में फील्ड में मौजूद रहकर सफाई कार्य कर रहे हैं।

सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट और उपस्थिति पर विशेष ध्यान


निगमायुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट से नियमित रूप से कचरा उठाने और वहां कचरा जमा न होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति को अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा उसकी जांच करने के निर्देश दिए गए। उपस्थित एवं अनुपस्थित कर्मचारियों का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा ताकि फील्ड में उपलब्ध वास्तविक मैनपावर की जानकारी निगम के पास रहे। निगमायुक्त ने सहायक सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे फील्ड में सफाई कर्मचारियों के साथ मौजूद रहें और कार्य की वास्तविक स्थिति की निगरानी करें।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment