गुरुग्राम: जांच में दोषी मिले निगम कर्मचारी पर मेहरबानी, DC के आदेश के बाद भी नहीं हटाया गया
गुरुग्राम नगर निगम के कर्मचारी मोहित शर्मा ने अवैध रूप से सामान उठाया, जांच में दोषी होने के बाद भी कार्रवाई में देरी पर उठे सवाल।

गुरुग्राम के सदर बाजार में एक दुकानदार का सामान अवैध तरीके से उठाने के मामले में नगर निगम के कर्मचारी मोहित शर्मा की मुश्किलें तो बढ़ीं, लेकिन विभाग की 'मेहरबानी' अब भी जारी है। हैरान करने वाली बात यह है कि नगराधीश (सीटीएम) की जांच में दोषी पाए जाने और जिला उपायुक्त (DC) के स्पष्ट आदेशों के बावजूद, नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने अब तक मोहित शर्मा को सेवा से निष्कासित नहीं किया है।
पूरा मामला सदर बाजार की जैन जलेबी दुकान के सामने स्थित जैनेंद्र जैन की दुकान से जुड़ा है। आरोप है कि डिजास्टर मैनेजमेंट टीम के सदस्य मोहित शर्मा ने अवैध कब्जा बताकर दुकानदार का सामान उठा लिया था। इस कार्रवाई से आहत होकर पीड़ित जैनेंद्र जैन ने जिला उपायुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
जांच रिपोर्ट में खुली पोल, फिर भी कार्रवाई में देरी
उपायुक्त के निर्देशों पर जब नगराधीश ने इस मामले की गहन जांच की, तो 25 अप्रैल 2024 को सौंपी गई रिपोर्ट में साफ कहा गया कि मोहित शर्मा द्वारा सामान उठाना पूरी तरह अवैध था। रिपोर्ट में इस बात पर भी सवाल उठाए गए कि मोहित शर्मा किस हैसियत से पुलिस बल का इंतजाम कर रहे थे, जबकि उन्हें केवल चेकिंग के लिए मनोनीत किया गया था।
रिपोर्ट के आधार पर 7 मई 2024 को जिला उपायुक्त ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की थी। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इसके बाद लंबे समय तक कोई एक्शन नहीं लिया गया। अंत में 6 अक्टूबर को मोहित शर्मा को केवल एक शो कॉज नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया, जबकि उन्हें तुरंत प्रभाव से हटाया जाना चाहिए था।
पीड़ित दुकानदार जैनेंद्र जैन ने अब प्रशासन से मांग की है कि नगराधीश की रिपोर्ट और DC के आदेशों का पालन करते हुए मोहित शर्मा की सेवाएं तुरंत समाप्त की जाएं। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की है कि दोषी कर्मचारी द्वारा इस अवधि के दौरान लिया गया वेतन सरकारी खजाने में वापस जमा कराया जाए।