गुरुग्राम: सांस्कृतिक संध्या में भारत की 11 रानियों के रूप में महिलाओं का जलवा
गुरुग्राम में माहेश्वरी सभा द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भारत की 11 रानियों के रूप में महिलाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी।

गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित अमित महल में आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। मौका था माहेश्वरी सभा गुरुग्राम महिला मंडल और युवा संगठन द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह और सांस्कृतिक संध्या का। इस कार्यक्रम में सबसे खास आकर्षण रहा 'हेरिटेज क्वीन ऑफ इंडिया', जिसमें समाज की महिलाओं ने भारत की 11 रानियों के किरदारों को जीवंत कर अपनी कला का जलवा बिखेरा।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और महेश वंदना के साथ हुई। माहेश्वरी सभा गुरुग्राम के अध्यक्ष महेश जाखेटिया ने दीपावली की शुभकामनाओं के साथ आयोजन का आगाज किया। इस बार मंच संचालन की जिम्मेदारी जेन-जी पीढ़ी के मुकुंज मूंदड़ा, प्रियांशी लाहोटी, मीनल लड्ढा और आरव माहेश्वरी ने संभाली, जिन्होंने पहली बार मंच संचालन कर सबका ध्यान खींचा।
कला और संस्कृति का संगम
इस शाम में केवल नृत्य और संगीत ही नहीं, बल्कि इतिहास और आध्यात्मिकता का भी संगम दिखा। कोरियोग्राफर प्रीति मालानी के निर्देशन में महिला सदस्यों ने रामायण की एक बेहद खूबसूरत प्रस्तुति दी। वहीं, सरोज दम्माणी के निर्देशन और मोनिका के संचालन में 'हेरिटेज क्वीन' कार्यक्रम के जरिए भारत की 11 रानियों के स्वरूप को पेश किया गया, जिसे देखने के लिए आए लोग दंग रह गए।
कार्यक्रम में लगभग 600 माहेश्वरी बंधु शामिल हुए। मुख्य अतिथियों में अखिल भारतवर्षीय महिला मंडल की महासचिव किरण लड्ढा, शील बायोटेक के चेयरमैन एसएन चांडक, सीआईएसएफ के डीआईजी हरि ओम गांधी और एसपीए फाइनेंशियल एडवाइजर के संस्थापक संदीप परवाल मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा इस अवसर पर कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी हुईं। जिला सभा उपाध्यक्ष आशीष राठी ने सात साल बाद समाज की स्मारिका का विमोचन किया। साथ ही, जिला सभा सचिव संजय सारडा और आदित्य जाखेटिया ने माहेश्वरी समाज गुरुग्राम की आधिकारिक वेबसाइट को लॉन्च किया। अंत में सुनीता माहेश्वरी की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।