गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। - आरोपी ने की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे के बीच किया गया काबू - आपसी कहासुनी के बाद डंडा, पाइप और बेलन से किया हमला - आरोपी बस चालक गिरफ्तार, दोनों साल 2020 से रह रहे थे लिव-इन में
22 सितंबर 2026 को थाना पालम विहार पुलिस को सूचना मिली कि धर्म कॉलोनी में एक किराए के मकान में महिला खून से लथपथ पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर सीन-ऑफ-क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। मकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
मकान मालिक ने बताया कि गली में शोर सुनकर वह बाहर आया तो देखा कि उसका किराएदार आकाश अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। उसने महिला के सिर पर वार किया और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना पालम विहार में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश (33 वर्ष), निवासी बरेली उत्तर प्रदेश को घटना के 24 घंटे के भीतर ही धर्म कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गुरुग्राम में बस चालक है और मृतका उसकी पत्नी नहीं, बल्कि लिव-इन पार्टनर थी। दोनों साल 2020 से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। 22 सितंबर को किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद आकाश ने गुस्से में आकर महिला पर डंडा, पाइप और बेलन से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडा, पाइप और बेलन को घटनास्थल से बरामद कर लिया है।