गुरुग्राम: जमीन कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा

गुरुग्राम के पातली गांव में जमीन के एक टुकड़े पर कब्जे को लेकर हुए हिंसक विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फरुखनगर थाना पुलिस ने इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब खेतों में काम कर रहे एक परिवार पर अचानक हमला हुआ और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 2 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के मुताबिक, वह अपने भाई और परिवार के साथ पातली गांव के खेतों में काम कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोग गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे और जबरन खेत में पोल गाड़ने लगे। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर धमकी दी।
झज्जर के रहने वाले हैं आरोपी
शिकायत मिलते ही फरुखनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। शनिवार, 5 अक्टूबर को पुलिस ने छापेमारी करते हुए पांच आरोपियों को काबू किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के रहने वाले दलबीर उर्फ बाज (गांव गागटान), रोहित (बापड़ौदा), हरेंद्र (डीघल), आशु (आसौदा) और परमजीत (कासंडा) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में इस हमले के पीछे की असली वजह सामने आई है। जांच में पता चला कि एक अन्य आरोपी दिनेश ने साल 2018 में शिकायतकर्ता से यह जमीन खरीदी थी, लेकिन उसे इसका कब्जा नहीं मिल पा रहा था। इसी कब्जे को जबरन हासिल करने के लिए दिनेश अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवाद इतना बढ़ा कि उसने मारपीट का रास्ता चुना।