गुरुग्राम केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोवंश से भरी पिकअप पकड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में पुलिस की काउ प्रोटेक्शन सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केएमपी एक्सप्रेसवे पर गोवंश से भरी एक टाटा ऐस गोल्ड पिकअप को पकड़ा है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में फर्रुखनगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की काउ प्रोटेक्शन सेल ने की यह कार्रवाई जिसके तहत वाहन में दो गाय, एक बछड़ा और एक बछिया को कथित रूप से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। वाहन में मौजूद गोवंश को गोकशी के लिए राजस्थान ले जाया जा रहा था। घटना 21 अगस्त की रात की है जब काउ प्रोटेक्शन सेल के एसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ केएमपी रोड पर पातली गांव रेलवे क्रॉसिंग के पास गश्त पर थे। इसी दौरान बादली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक टाटा ऐस गोल्ड पिकअप को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने पुलिस को देखकर वाहन वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने अपनी पहचान सुमीत वर्मा निवासी समता विहार, मुकंदपुर एक्सटेंशन (दिल्ली) के रूप में बताई, जबकि उसके साथी ने अपनी पहचान दीपक निवासी जहांगीरपुरी (दिल्ली) के रूप में दी। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से दो गाय, एक बछड़ा और एक बछिया बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि सभी गोवंश को बेहद अमानवीय तरीके से वाहन के अंदर भरा गया था। आरोपियों से जब वाहन के दस्तावेज, परमिट और अन्य जरूरी कागजात मांगे गए, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इस गोवंश को सोनीपत से लेकर राजस्थान के टपूकड़ा की तरफ लेकर जा रहे थे। इस सूचना के बाद फर्रुखनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वाहन, गोवंश तथा दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है और घटनास्थल की सभी फोटो तथा वीडियो को ई-साक्ष्य ऐप पर अपलोड कर दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।