गुरुग्राम: युवक का अपहरण कर ले जा रहे थे बदमाश, हादसे के बाद मौके का फायदा उठाकर भागा पीड़ित

गुरुग्राम में किडनैपिंग की एक फिल्मी कहानी जैसी वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों की किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। किडनैपर एक युवक को जबरन गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए एक हादसे ने पीड़ित की जान बचा ली। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरी घटना की शुरुआत 7 अक्टूबर की रात को हुई। पीड़ित विक्की उर्फ रॉनी, जो एक सेल्समैन है, गढ़ी गांव में अपने दोस्त से मिलने गया था। रात करीब 10 बजे गढ़ी लेबर चौक से पांच-छह युवकों ने विक्की को बुरी तरह पीटा और एक सफेद रंग की क्रेटा गाड़ी में डालकर उसका अपहरण कर लिया। जब विक्की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई, तब पता चला कि यह सब पुरानी रंजिश का नतीजा था।
रंजिश के चलते रची थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि विक्की का कुछ समय पहले प्रिंस नाम के युवक से काम को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से प्रिंस और उसके साथी उसके पीछे पड़े थे। आरोपियों ने योजना बनाई और विक्की को अगवा कर हिसार की तरफ ले जाने लगे।
किस्मत का खेल तब बदला जब हांसी-बरवाला रोड पर तेज रफ्तार गाड़ी के सामने अचानक एक गाय आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। इसी अफरा-तफरी और हादसे का फायदा उठाकर पीड़ित विक्की गाड़ी से कूदकर वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सनसिटी हिसार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नितिन (20) और खुश उर्फ मंजीत (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि खुश रैपिडो टैक्सी चलाता है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और रिमांड के दौरान और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।