गुरुग्राम में भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने जारी की वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी

Kittu Kumari24 August 20261 min read84 viewsNCR
गुरुग्राम में भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने जारी की वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी

गुरुग्राम में सोमवार सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। जनजीवन प्रभावित होने के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर आ गया है। डीएम एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने सोमवार को एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक सेवाओं पर दबाव कम करने के लिए एहतियातन कई कदम उठाए जाने की बात कही गई है।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के सभी कॉरपोरेट एवं निजी कार्यालयों से अपील की गई है कि वे मंगलवार को अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा प्रदान करें। इस कदम से सडक़ों पर यातायात का दबाव कम होगा और कर्मचारियों को भी खराब मौसम के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

इसके अलावा, जिले के सभी विद्यालयों को भी मंगलवार को इस एडवाइजरी के पालन की सलाह दी गई है। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को भी खराब मौसम के बीच बच्चों को विद्यालय भेजने की चिंता से राहत प्रदान करना है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें।

प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं एडवाइजरी का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। नागरिकों के सहयोग से ही किसी भी आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है, इसलिए सभी नागरिकों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment