गुरुग्राम में सोमवार को मूसलाधार बरसात के बाद शहर एक बार फिर बरसाती पानी में डूबा नजर आया और भीतरी इलाकों में लंबा जाम लग गया। पानी में परेशान लोगों ने सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा है कि करोड़ों रुपये खर्च करके जनता को क्या सुविधा दी और विकास का हिसाब दिया जाए। उधर, प्रशासन ने बरसात के मद्देनजर 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है। सोमवार को गुरुग्राम में हुई भारी बारिश से शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए और जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। आम जनता और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद सबसे खराब हालात सुभाष चौक पर नजर आए। तेज बारिश की वजह से सड़कों पर कई फुट जलभराव हो गया। जलभराव और जाम के कारण सुभाष चौक पर कई स्कूल बसें बीच सड़क पर फंसी रहीं। उमस और गर्मी के बीच बसों में बैठे छोटे बच्चे परेशान होते रहे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत कर बच्चों को सुरक्षित निकालने में मदद की। अन्य कई स्थानों पर वाहन पानी में बंद हो गए और लोग परेशान होते रहे।
सोमवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। बारिश के बाद सेक्टर-55 एरिया में लोगों के घरों तक पानी प्रवेश करने लगा। कई स्थानों पर गाड़ियां पानी में तैरने लगी। पुराना दिल्ली रोड, सिविल लाइन्स, गोल्फ कोर्स रोड, सोहना रोड, कादीपुर रोड, मदनपुरी, धनवापुर रोड, लक्ष्मण विहार, अर्जुन नगर, ज्योति पार्क, बसई रोड, सेक्टर-9, सेक्टर-7, पटेल नगर, सेक्टर-15 सहित अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया।
सुबह 11 बजे से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के मद्देनजर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने सोमवार को जरूरी एडवाइजरी जारी की। एडवाइजरी में कहा गया है कि मंगलवार 25 अगस्त को नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक सेवाओं पर दबाव कम करने के लिए एहतियातन कई कदम उठाए हैं। सभी कॉरपोरेट एवं निजी कार्यालयों से अपील की गई है कि वे मंगलवार को अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा प्रदान करें। इससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और कर्मचारियों को भी खराब मौसम के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों को भी मंगलवार को इस एडवाइजरी के पालन की सलाह दी गई है। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को भी खराब मौसम के बीच बच्चों को विद्यालय भेजने की चिंता से राहत प्रदान करना है।
शहर में भारी बारिश के बीच गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने इस बार तकनीक का सहारा लिया। जलभराव और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने ड्रोन से शहर के प्रमुख मार्गों व जलभराव वाले क्षेत्रों की हवाई निगरानी की। पुलिस के अनुसार ड्रोन के माध्यम से जलभराव और यातायात की स्थिति का हवाई निरीक्षण किया गया। इससे उन संवेदनशील स्थानों की तुरंत पहचान हो सकी जहां पानी भरने से ट्रैफिक जाम होने की आशंका थी।