गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर

गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकान पर बुलडोजर चला दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई अवैध रूप से मकान बनाने के आरोप में की है। पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर नाहरपुर रूपा में गैंगस्टर द्वारा किए गए अवैध निर्माण की पहचान की गई थी। अपराध शाखा मानेसर ने संबंधित विभागों के समन्वय से भारी मशीनरी की सहायता से इस अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। ध्वस्त करने के बाद जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया है।
गैंगस्टर कौशल चौधरी निवासी नाहरपुर रूपा के खिलाफ गुरुग्राम में कई संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत छह दर्जन से भी अधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध रूप से जमीन पर कब्जा किया था। उसने लगभग 150 वर्ग गज में मकान का निर्माण किया था। इस मकान से वह अवैध रूप से किराया वसूल रहा था। इस मकान का उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन और विस्तार के लिए किया जाता था।
पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को मुक्त कराया गया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और शहर को अपराध मुक्त बनाने के लिए ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता से जारी रहेंगे। यह जानकारी हिन्दुस्तान समाचार के माध्यम से सामने आई है।