गुरुग्राम: विदेशी नंबर से कॉल कर फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने विदेशी वर्चुअल नंबर से वाइन-शॉप मालिक को धमकाने वाले एक मुंशी और नाबालिग को गिरफ्तार किया है।

गुरुग्राम के फर्रुखनगर इलाके में एक वाइन-शॉप मालिक को विदेशी नंबर से कॉल कर डराने और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है, जिनमें से एक नाबालिग है। यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब एक लाइसेंस धारक ने पुलिस को शिकायत दी कि उसे अमेरिका से कॉल कर पैसों की मांग की गई और धमकी दी गई।
वर्चुअल नंबर के जरिए रची थी साजिश
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, शिकायतकर्ता को 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:41 बजे एक अनजान विदेशी नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को अमेरिका का अपराधी बताया और फिरौती की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उसे गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। इस शिकायत के बाद फर्रुखनगर थाने में मामला दर्ज किया गया।
उप-निरीक्षक लोकेश कुमार के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने जब साइबर ट्रेसिंग और तकनीकी जांच की, तो कुछ ही घंटों में आरोपियों का पता चल गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय सुमित और उसके 15 साल के एक नाबालिग साथी के रूप में हुई है। सुमित गुरुग्राम के सिकंदरपुर बढा गांव का रहने वाला है और वह कोर्ट में एक वकील के पास मुंशी का काम करता है। वहीं, दूसरा आरोपी आठवीं कक्षा का छात्र है।
पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सुमित ने इंटरनेट की मदद से एक 'वर्चुअल विदेशी नंबर' तैयार किया था। योजना के मुताबिक, नाबालिग ने वाइन-शॉप मालिक को कॉल करके धमकाया और फिरौती मांगी थी। तय योजना यह थी कि अगर पीड़ित पैसे देने के लिए तैयार हो जाता, तो सुमित खुद रकम वसूलने जाता। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन व अन्य सबूतों को बरामद करने की कोशिश कर रही है।