गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर टोल टैक्स नहीं हटेगा, सरकार ने अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया नोटिफिकेशन

Kittu Kumari29 September 20261 min read7 viewsNCR
गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर टोल टैक्स नहीं हटेगा, सरकार ने अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाया नोटिफिकेशन

गुरुग्राम और फरीदाबाद को जोड़ने वाली सड़कों पर लगने वाले टोल टैक्स अभी नहीं हटाए जाएंगे। सरकार ने इन टोल को अनिश्चितकाल तक जारी रखने का बड़ा फैसला लेते हुए नया नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। पहले इन चारों टोल को बंद करने की अंतिम तिथि दो जुलाई 2026 तय की गई थी, लेकिन नए आदेश के बाद अब टोल पर फीस वसूली लगातार जारी रहेगी।

टोल दरें और पास की व्यवस्था

नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, निजी कार, स्टेशन वैगन और तिपहिया वाहन चालकों से 40 रुपये का एकतरफा शुल्क लिया जाएगा। वहीं कमर्शियल वाहनों, लॉजिस्टिक वाहनों और भारी मशीनरी से प्रति ट्रिप 350 रुपये तक का शुल्क वसूला जाएगा। बार-बार सफर करने वाले यात्रियों के लिए दैनिक और मासिक पास की सुविधा दी गई है। एक ही दिन में कई बार टोल पार करने वाले चालक एक दिन के शुल्क का 1.5 गुना देकर पूरे दिन आवाजाही कर सकेंगे। कमर्शियल वाहनों के लिए मासिक पास एकल यात्रा शुल्क का 30 गुना और निजी वाहनों के लिए 20 गुना तय किया गया है।

पीडब्ल्यूडी की अधिसूचना और छूट प्राप्त श्रेणियां

लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार गुरुग्राम-फरीदाबाद राजमार्ग क्रेशर जोन रोड और बल्लभगढ़-सोहना खंड पर टोल वसूली जारी रहेगी। स्थानीय निवासियों और किसानों को राहत देते हुए दोपहिया वाहन, कृषि ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुलिस वाहन, अग्निशमन गाड़ियां, एंबुलेंस और गैर-व्यावसायिक स्थानीय आवागमन करने वाले लोगों को टोल से पूरी छूट दी गई है।

यात्रियों पर असर

गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर टोल को लेकर लंबे समय से विरोध और मांग होती रही है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर पहले दो जुलाई 2026 तक की समय सीमा तय की गई थी, लेकिन नए नोटिफिकेशन के बाद टोल हटने की उम्मीद खत्म हो गई है। इससे रोजाना इस मार्ग से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों पर सीधा असर पड़ेगा।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment