गुरुग्राम में इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, अमेरिका-कनाडा के लोगों से की करोड़ों की ठगी, 17 गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने अमेरिका और कनाडा के लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।

गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक फर्जी कॉल सेंटर को पकड़ा है। यह गिरोह अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को अपना निशाना बनाकर उनसे करोड़ों रुपये ठग रहा था। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 पुरुषों और 5 महिलाओं समेत कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। ये लोग अमेरिकी और कनाडाई नागरिकों के डिवाइस पर फर्जी पॉप-अप अलर्ट भेजते थे। जब पीड़ित उन नंबरों पर कॉल करते थे, तो आरोपी खुद को कस्टमर सर्विस प्रतिनिधि बताकर उन्हें झांसे में ले लेते थे। इसके बाद वे पीड़ितों के डिवाइस का रिमोट एक्सेस हासिल कर लेते और 500 से 1,000 डॉलर तक की ठगी करते थे। ठगी की यह रकम गिफ्ट कार्ड और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए मंगवाई जाती थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि हजारों विदेशी नागरिक इस जाल में फंसे हो सकते हैं और करोड़ों रुपये का गबन किया गया है।
सेक्टर 61 की बिल्डिंग में चल रहा था खेल
साइबर क्राइम एसीपी गौरव फोगाट ने बताया कि बुधवार शाम को पुलिस को एक अवैध कॉल सेंटर की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साउथ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर दिनेश के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। इस टीम ने सेक्टर 61 स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग की 18वीं मंजिल पर यूनिट 1818 और 1819 में छापेमारी की, जहां यह पूरा operation चल रहा था।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह पहले दिल्ली में काम करता था, फिर छह महीने के लिए उद्योग विहार शिफ्ट हुआ और पिछले कुछ समय से गुरुग्राम की इस बिल्डिंग में अपना ठिकाना जमाए हुए था। गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को इस काम के लिए 30,000 से 50,000 रुपये तक की मासिक सैलरी और साथ में कमीशन भी दिया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से 17 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और एक डिफेंडर गाड़ी बरामद की है। पुलिस अब कंप्यूटरों का फॉरेंसिक ऑडिट कराएगी ताकि यह पता चल सके कि वास्तव में कितने लोग इस ठगी का शिकार हुए हैं। मामले की गहराई से जांच के लिए तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।