गुरुग्राम में फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, एपल सर्विस के नाम पर ठगी, 17 गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने एपल कस्टमर सर्विस के नाम पर अमेरिका और कनाडा के लोगों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 17 लोगों को पकड़ा है।

गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन के जरिए एक ऐसे फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है, जो सात समंदर पार अमेरिका और कनाडा के लोगों को अपना शिकार बना रहा था। साइबर अपराध दक्षिण गुरुग्राम थाना की टीम ने गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड स्थित एम3एम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग में छापेमारी कर 12 युवकों और 5 युवतियों सहित कुल 17 आरोपियों को दबोचा है। ये सभी लोग खुद को एपल कस्टमर सर्विस का प्रतिनिधि बताकर विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी कर रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस बिल्डिंग में एक फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है, जहां से डिजिटल माध्यमों और फोन कॉल्स के जरिए विदेशी लोगों को ठगा जा रहा है। निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। वहां मौजूद युवक-युवतियां हेडफोन लगाकर अंग्रेजी में बात कर रहे थे और बड़ी सफाई से विदेशी नागरिकों को झांसे में ले रहे थे। पुलिस ने मौके से 17 कंप्यूटर, 6 लैपटॉप, 5 मोबाइल फोन और ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
दिल्ली से गुरुग्राम तक फैला था ठगों का जाल
जांच में यह बात सामने आई कि यह गैंग पहले दिल्ली में सक्रिय था, जिसके बाद करीब छह महीने तक गुरुग्राम के उद्योग विहार में अपना ठिकाना बनाया। पिछले दो महीनों से यह गिरोह एम3एम डिजिटल ग्रीन बिल्डिंग से अपना काला कारोबार चला रहा था। पकड़े गए आरोपियों की उम्र 25 से 30 साल के बीच है और उनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गाजियाबाद, कोलकाता, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड और गुवाहाटी जैसे अलग-अलग राज्यों के निवासी शामिल हैं। इनमें नितेश भारती, अनिमेश शर्मा, पैट्रिक रॉय और शाजिया खान जैसे लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन आरोपियों को उनके काम के बदले 30 हजार से 50 हजार रुपये महीने की सैलरी और अलग से कमीशन दिया जाता था। पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सरगना और इनके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।