गुरुग्राम: सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर पर हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने ली डिलीवरी बॉय की जान

Kittu Kumari6 October 20261 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर पर हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने ली डिलीवरी बॉय की जान

गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक डिलीवरी बॉय की जान चली गई। यह दर्दनाक हादसा सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर पर हुआ, जिसमें टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक फ्लाईओवर के किनारे लगे एक पाइप में जा फंसा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की है। पीसीआर-9 के इंचार्ज ईएचसी विजय पाल को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत एएसआई राकेश कुमार को मौके पर भेजा। जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो नजारा खौफनाक था; बाइक सड़क किनारे पड़ी थी और मृतक अजय कुमार पाइप के अंदर फंसे हुए थे। पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा कोहराम, सीसीटीवी से तलाश जारी

मृतक की पहचान 45 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है, जो जोमैटो और स्विगी जैसी कंपनियों के लिए डिलीवरी बॉय का काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह रात के ऑर्डर डिलीवर कर अपने घर लौट रहे थे, तभी इस हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। हादसे की खबर मिलते ही अजय की मां रेशमा अस्पताल पहुंचीं और अपने बेटे के शव की पहचान की।

दुख से टूटी मां ने पुलिस से मांग की है कि जिस अज्ञात वाहन ने उनके बेटे को कुचला है, उसके चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मां के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment