गुरुग्राम में निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर 5.10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराध दक्षिण थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को इस गिरफ्तारी की जानकारी दी।
17 जुलाई 2025 को एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके साथ ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर लगभग 5.10 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की गई थी। इस शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध दक्षिण में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी को अजमेर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान भगवान ठकरानी के रूप में हुई है, जो पहाड़गंज, जिला अजमेर (राजस्थान) का रहने वाला है। जांच में यह बात सामने आई कि शिकायतकर्ता से ठगी गई कुल राशि में से 27 हजार रुपये जिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, वह खाता इसी आरोपी भगवान ठकरानी के नाम पर था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह बैंक खाता चार हजार रुपए में एक अन्य आरोपी को उपलब्ध करवाया था। इस बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए किया गया था। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और इस ठगी गिरोह के अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।