गुरुग्राम: बेंगलुरु से शिफ्ट हुए दंपत्ति की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट ने बढ़ाई उलझन

Kittu Kumari17 October 20262 min read0 viewsNCR
गुरुग्राम: बेंगलुरु से शिफ्ट हुए दंपत्ति की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट ने बढ़ाई उलझन

गुरुग्राम की एक पॉश सोसाइटी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक फ्लैट के अंदर पति-पत्नी के शव बरामद हुए। हैरान करने वाली बात यह है कि यह दंपत्ति महज तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट होकर आया था। जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन पत्नी का जन्मदिन भी था, लेकिन खुशियों की जगह वहां मौत का सन्नाटा पसरा मिला। पुलिस ने इस मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।

घटना एम3एम मैरिना सोसाइटी की है, जहां मोहम्मद असलम (30) और उनकी पत्नी फरहाना रहते थे। मामला तब सामने आया जब असलम के सहकर्मी उनसे संपर्क नहीं कर पाए और उन्होंने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। जब मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचा, तो दरवाजा खुला था और अंदर का नजारा खौफनाक था। असलम का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि फरहाना फर्श पर मृत पड़ी थीं। पुलिस को फरहाना के गले पर चोट के निशान मिले हैं और उनके कपड़ों पर हाथ से लिखा 'आई लव यू' भी पाया गया है।

कंपनी को भेजा ईमेल और मिला सुसाइड नोट

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। असलम ने अपनी कंपनी को एक ईमेल भेजा था, जिसमें उन्होंने लिखा कि 'हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं'। घर से मिले एक नोट में भी यही बात लिखी थी। पुलिस को आशंका है कि असलम ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। मौके से पुलिस ने तीन लैपटॉप, दो मोबाइल, एक रस्सी, डायरी और पेन ड्राइव जब्त की है, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच संबंध अच्छे थे और वैवाहिक जीवन में किसी विवाद की खबर नहीं थी। हालांकि, परिवार ने यह खुलासा किया कि असलम पिछले करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। रिश्तेदारों का मानना है कि काम के अत्यधिक दबाव के कारण वह मानसिक तनाव में थे।

बता दें कि असलम एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़े थे, जबकि फरहाना भी एक आईटी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं। मूल रूप से केरल के रहने वाले इस दंपत्ति की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस तलाश रही है।

Share:

Comments

Leave a comment