गुरुग्राम: धूल नियंत्रण नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 5 निर्माण स्थल सील
गुरुग्राम में प्रदूषण रोकने के लिए HSPCB ने सख्त कार्रवाई की है। नियमों की अनदेखी करने वाले 5 निर्माण स्थलों को सील कर दिया गया है।

गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने और धूल नियंत्रण के नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) ने बड़ा एक्शन लिया है। बोर्ड की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया, जिसके दौरान पांच निर्माण स्थलों पर नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं। इन सभी पांचों साइटों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में सबसे ज्यादा असर उद्योग विहार इलाके में दिखा, जहां तीन निर्माण स्थलों को नियमों के उल्लंघन के कारण सील किया गया। HSPCB के क्षेत्रीय कार्यालय (गुरुग्राम उत्तर) की टीम ने जब इन जगहों की जांच की, तो पाया कि वहां वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था।
डस्ट पोर्टल की अनदेखी और नियमों का उल्लंघन
HSPCB के एईई कामेश ने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि संबंधित निर्माण स्थलों ने बोर्ड के डस्ट पोर्टल से जुड़ी जरूरी अनुपालन प्रक्रियाओं को पूरा नहीं किया था। धूल नियंत्रण के उपायों को नजरअंदाज करना और पोर्टल पर अपडेट न देना गंभीर उल्लंघन माना गया, जिसके बाद अधिकारियों ने सख्त कदम उठाते हुए इन स्थलों को सील करने का फैसला किया।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि निर्माण कार्यों के दौरान धूल नियंत्रण के उपायों को अपनाना अनिवार्य है। शहर में वायु गुणवत्ता को सुधारने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और जो भी निर्माण स्थल नियमों की अनदेखी करेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।