गुरुग्राम में सीजेएम निशा ने पैनल अधिवक्ताओं के साथ की बैठक, मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 अभियान पर दिया जोर

Kittu Kumari4 August 20261 min read37 viewsNCR
गुरुग्राम में सीजेएम निशा ने पैनल अधिवक्ताओं के साथ की बैठक, मेडिएशन फॉर नेशन 3.0 अभियान पर दिया जोर

गुरुग्राम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा 'मेडिएशन फॉर नेशन 3.0' अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश व सह-अध्यक्ष डीएलएसए गुरुग्राम नरेंद्र सूरा के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी-सह-सचिव डीएलएसए निशा ने पैनल अधिवक्ताओं के साथ यह बैठक की। इस बैठक में अभियान के उद्देश्यों और दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में संवाद और सहमति से विवादों के समाधान की संस्कृति को बढ़ावा देना है।

मध्यस्थता से कम होगा अदालतों का बोझ

बैठक के दौरान सीजेएम निशा ने कहा कि मध्यस्थता (Mediation) विवादों के समाधान का एक प्रभावी, सरल एवं सौहार्दपूर्ण माध्यम है, जो अदालतों में लंबित मामलों का बोझ कम करने के साथ-साथ पक्षकारों के आपसी संबंधों को बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने पैनल अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक उपयुक्त मामलों की पहचान करें और पक्षकारों को मध्यस्थता के लिए प्रेरित करके इसके लाभों के प्रति जागरूक करें।

अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

डीएलएसए सचिव ने अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने सामने आने वाले हर उपयुक्त मामले में सौहार्दपूर्ण समाधान की संभावनाओं का गंभीरता से मूल्यांकन करें। उन्होंने नागरिकों को त्वरित, सुलभ और कम खर्चीला न्याय दिलाने के लिए सभी पैनल अधिवक्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में अधिवक्ताओं ने गुरुग्राम में इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए और अपनी सक्रिय सहभागिता का पूरा आश्वासन दिया। हिन्दुस्थान समाचार

Share:

Comments

Leave a comment