गुरुग्राम में एनएच-48 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बिलासपुर थाना क्षेत्र में एनएच-48 पर तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह बारिश के कारण बाइक रोककर पानी पीने के लिए सड़क पार कर रहा था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, आरोपी कार चालक हादसे के बाद अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
रेवाड़ी की रहने वाली महिला ने पुलिस को इस हादसे की पूरी जानकारी दी। पुलिस को दी गई शिकायत में रेवाड़ी के तेजपुरा मोहल्ला निवासी रेणुबाला ने बताया कि 24 अगस्त को वह अपने पति कृष्ण कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर बिलासपुर किसी काम से जा रही थीं। रास्ते में बारिश शुरू होने पर दोनों बिलासपुर चौक के पास से वापस अपने घर लौटने लगे। जब वे मेन रोड पर पहुंचे तो उन्होंने पानी पीने के लिए अपनी बाइक रोक दी।
कृष्ण कुमार जैसे ही सड़क पार करके पानी पीने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद कार चालक कुछ देर के लिए मौके पर रुका और फिर अपनी कार लेकर वहां से भाग गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल कृष्ण कुमार को तुरंत सिविल अस्पताल रेवाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर फरार आरोपी चालक की तलाश कर रही है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।