गुरुग्राम, 26 सितंबर (हि.स.)। सोहना के बस अड्डे के पास शुक्रवार देर शाम एक कैंटर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चालक का शव कैंटर के केबिन में मिला। सूचना मिलने पर सोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला 45 वर्षीय भोजराम कैंटर में प्लाइवुड लेकर सोहना स्थित बालाजी प्लाइवुड पहुंचा था। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले उसने वहां प्लाइवुड की करीब 35 फट्टी उतारी थीं। माल उतारने के बाद वह कैंटर लेकर वहीं रुक गया था। शुक्रवार देर शाम लोगों की नजर कैंटर के केबिन में बैठे चालक पर पड़ी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर जांच की गई तो वह मृत मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों के शनिवार को सोहना पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले सबूतों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।