गुरुग्राम: 11वीं मंजिल से गिरने से BSF DIG के बेटे की मौत, इलाके में सनसनी
गुरुग्राम की द लीफ सोसाइटी में बीएसएफ डीआईजी के 28 वर्षीय बेटे की 11वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुरुग्राम के सेक्टर-85 स्थित 'द लीफ सोसाइटी' में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीएसएफ (BSF) के एक डीआईजी के 28 वर्षीय बेटे की 11वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बुधवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जिसने पूरी सोसाइटी को सन्न कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक असीम के पिता सत्यवान बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में ओडिशा के कोरापुट में अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। असीम सेक्टर-85 की इसी सोसाइटी के टावर नंबर-8 के फ्लैट नंबर 10-बी में रहते थे। बताया जा रहा है कि वह अचानक बालकनी से नीचे गिर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों और अन्य निवासियों ने जब एक जोरदार आवाज सुनी, तो वे तुरंत नीचे पहुंचे। वहां उन्होंने असीम को लहूलुहान हालत में पाया। आनन-फानन में पुलिस टीम की मदद से उन्हें आरवी हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच और परिवार की स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही खेडक़ी दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे फ्लैट को सील कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह एक हादसा था, आत्महत्या या इसके पीछे कोई और वजह थी। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और सोसाइटी के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही डीआईजी सत्यवान ओडिशा से गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी सबूत जुटाने और जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान दिया जाएगा।