गुरुग्राम: रेप केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से वसूले 90 लाख, युवती गिरफ्तार

गुरुग्राम के सदर थाना पुलिस ने एक ऐसे मामले का खुलासा किया है, जहां एक युवती ने युवक को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 90 लाख रुपये की बड़ी रकम वसूली। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला एक ऑनलाइन ऐप से शुरू हुआ था। पीड़ित युवक करीब तीन साल पहले एक ऐप के जरिए इस युवती से मिला था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। लेकिन जैसे ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, युवती ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। उसने युवक को धमकी दी कि वह उसे रेप के झूठे केस में फंसा देगी और उसके परिवार को बर्बाद कर देगी।
इस डर के साये में युवक ने युवती की मांगें पूरी करना शुरू किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अब तक बैंक ट्रांसफर और नकदी के जरिए कुल 90 लाख रुपये दे दिए थे, लेकिन आरोपी की लालच खत्म नहीं हो रही थी और वह लगातार और पैसों की मांग कर रही थी। परेशान होकर युवक ने 4 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कॉफी हाउस में बिछाया जाल, रंगे हाथ पकड़ी गई आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने एक योजना बनाई। पुलिस ने पीड़ित युवक को पैसे देने के लिए कहा, जिसके बाद आरोपी युवती ने उसे सोहना रोड के सेक्टर-47 स्थित एक कॉफी हाउस में बुलाया। सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम वहां पहले से मौजूद थी। जैसे ही युवती ने युवक से 50 हजार रुपये नकद लिए, पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। पुलिस ने बरामद नोटों पर पहले से ही निशान लगाए थे, जिससे वसूली की पुष्टि हो गई।
पकड़ी गई युवती की पहचान 24 वर्षीय सूर्यदीता दास के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और एमबीए शिक्षित है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के बैंक खाते में जमा करीब 95 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए हैं। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस खेल में कोई और भी शामिल था या इस युवती ने किसी और को भी अपना शिकार बनाया है।