गुरुग्राम के सेक्टर-50 में मंदिर तोड़े जाने पर गरमाई राजनीति, पंकज डावर ने साधा भाजपा पर निशाना

गुरुग्राम में सेक्टर-50 के आदमपुर झाड़सा गांव में बाबा बालकनाथ मंदिर, गोशाला और समाधि स्थल को तोड़े जाने की घटना सामने आई है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे भाजपा राज में सनातन पर हमला बताया है। उनका कहना है कि जो पार्टी मंदिरों के नाम पर राजनीति करती है, वही आज मंदिरों पर बुलडोजर चलवा रही है।
पंकज डावर ने आरोप लगाया है कि भाजपा का धर्म के नाम पर राजनीति करने का असली चेहरा ऐसे कृत्यों से उजागर हो रहा है। उन्होंने कहा कि आदमपुर झाड़सा गांव में बाबा बालकनाथ जी का प्राचीन मंदिर और गौशाला तोड़ा जाना बेहद निंदनीय है। डावर के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों और संत समाज का कहना है कि यह जमीन झाड़सा गांव की पंचायत ने दशकों पहले बाबा बालकनाथ आश्रम और पूजा-पाठ के लिए दान में दी थी।
कांग्रेस नेता ने यह भी आशंका जताई है कि इसके पीछे भूमाफियों को फायदा पहुंचाने की साजिश भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मामले में हस्तक्षेप करें और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए मंदिर परिसर का पुनर्निर्माण करवाएं। डावर के अनुसार कांग्रेस संगठन एकजुटता और भाईचारे के साथ क्षेत्र के लोगों के सदा साथ है और इस लड़ाई में ग्रामीणों तथा संत समाज के साथ खड़ी है।