गुरुग्राम में मानसून के दौरान भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण कुछ स्थानों पर स्कूल बसों के पानी में फंसने को लेकर मंगलवार को अंतर-विभागीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक ली। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। -बरसाती पानी से स्कूली बच्चों को निकालने में ली जाएगी रोडवेज की मदद। -स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से स्कूल बसों के सुरक्षित संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस को स्कूल रूटों पर जलभराव की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी तैयार कर स्कूलों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। तेज बारिश होने या किसी मार्ग के अचानक अवरुद्ध होने पर 30 मिनट के भीतर फ्लैश अपडेट जारी करना होगा। भारी बारिश के दौरान विद्यार्थियों की छुट्टी भी जलभराव की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने जारी आदेशों में कहा कि किसी बच्चे को जलभराव वाले अथवा बिना निगरानी वाले बस स्टॉप पर नहीं उतारा जाएगा। बच्चे को केवल अभिभावक या अधिकृत संरक्षक को ही सौंपा जाएगा। प्रत्येक बस में स्टाफ एस्कॉर्ट की मौजूदगी, पर्याप्त पेयजल और चालक को जलभराव वाले मार्ग या अंडरपास में बस नहीं ले जाने के संबंध में स्पष्ट ब्रीफिंग सुनिश्चित करनी होगी। मार्ग या समय में बदलाव होने पर स्कूल अभिभावकों को एसएमएस अथवा स्कूल ऐप के माध्यम से पहले ही सूचना देंगे।
डीसीपी ट्रैफिक को स्कूल बस रूटों के संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, आवश्यकतानुसार टो-व्हीकल और पीसीआर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह 7 से 9 बजे तथा दोपहर 12 से 3 बजे के डिस्पर्सल समय में प्रभावित मार्गों से स्कूल बसों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। बारिश अथवा मौसम विभाग की चेतावनी के दौरान हरियाणा रोडवेज की अतिरिक्त बसें भी तैयार रखी जाएंगी। जारी आदेशों के तहत जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को 24 घंटे के भीतर जिले के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्रधानाचार्य/प्रमुख तथा ट्रांसपोर्ट इंचार्ज को शामिल करते हुए समर्पित व्हाट्सऐप ब्रॉडकास्ट ग्रुप और बल्क एसएमएस/ई-मेल सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस से प्राप्त प्रत्येक रिपोर्ट या फ्लैश अपडेट को 15 मिनट के भीतर बिना किसी बदलाव के सभी स्कूलों तक पहुंचाना अनिवार्य होगा। स्कूल बस के जलभराव में फंसने या किसी बच्चे की सुरक्षा खतरे में पडऩे की घटना की सूचना तत्काल जीएमडीए/एमसीजी हेल्पलाइन 18001801817 अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9821395354 पर देनी होगी। मूल खबर
हिन्दुस्थान समाचार से ली गई है।