गुरुग्राम की कंपनी ने लॉन्च किया एयर सिंथेसाइजर, माइक्रोएल्गी से बढ़ेगी घर की ऑक्सीजन
गुरुग्राम की कंपनी Greenwater Scientific ने लॉन्च किया खास एयर सिंथेसाइजर, जो हवा से CO2 हटाकर ऑक्सीजन बढ़ाएगा।

भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच गुरुग्राम की एक बायोटेक कंपनी ने हवा को शुद्ध करने के लिए एक अनोखा समाधान पेश किया है। Greenwater Scientific ने अपना 'greenwaterHOME Air Synthesizer' बाजार में उतारा है, जो पारंपरिक एयर प्यूरीफायर से बिल्कुल अलग काम करता है। यह डिवाइस अब देशभर में कंपनी की वेबसाइट के जरिए 63,720 रुपये की कीमत पर उपलब्ध है।
इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत इसमें इस्तेमाल की गई लिविंग माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल) कल्चर है। यह तकनीक यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो में हुए शोध का परिणाम है, जिसे विकसित करने में तीन साल का समय लगा। यह मशीन केवल धूल नहीं हटाती, बल्कि प्रकाश संश्लेषण (photosynthesis) की प्रक्रिया के जरिए कार्बन डाइऑक्साइड को सोखकर घर के अंदर ऑक्सीजन के स्तर को बढ़ाती है। कंपनी का दावा है कि बंद कमरे में यह डिवाइस प्रति घंटे औसतन 32% तक CO2 कम कर सकता है।
सिर्फ ऑक्सीजन ही नहीं, PM2.5 से भी मिलेगी राहत
यह एयर सिंथेसाइजर केवल जैविक तरीके से काम नहीं करता, बल्कि इसमें तीन चरणों वाला एडवांस फिल्ट्रेशन सिस्टम भी दिया गया है। इसमें प्री-फिल्टर, HEPA फिल्टर और एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर शामिल हैं, जो धुएं, धूल, PM2.5 और हानिकारक VOCs को साफ करने में मदद करते हैं। NABL की स्वतंत्र रिपोर्ट के मुताबिक, यह मशीन PM2.5 के स्तर में 95.1% तक की कमी लाती है।
कंपनी का यह दावा है कि इस एक यूनिट से उतनी ऑक्सीजन मिलती है जितनी 64 स्नेक प्लांट्स (snake plants) मिलकर देते हैं। मनेसर, गुरुग्राम में स्थित इस कंपनी की स्थापना 2023 में सुमीर मेहता और ध्रुव मेहता ने की थी। दिलचस्प बात यह है कि इस डिवाइस को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसे घर में कॉफी टेबल के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।