ग्रेटर नोएडा वेस्ट: नेफोमा बैठक में फ्लैट रजिस्ट्री और मेट्रो समस्या उठाने का बड़ा फैसला

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 8 अगस्त। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में रहने वाले फ्लैट खरीदारों की समस्याओं को अब नेफोमा (नोएडा एस्टेट फ्लैट ओनर्स मेन एसोसिएशन) प्राथमिकता के आधार पर शासन और प्रशासन के सामने मजबूती से उठाएगा। शनिवार को गौर सिटी सेंटर की 18वीं मंजिल पर संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में फ्लैटों की रजिस्ट्री, बढ़ती ट्रैफिक समस्या, गिरता भूजल स्तर, मेट्रो कनेक्टिविटी और गंगाजल की आपूर्ति जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक में संगठन के विस्तार और सोसाइटी स्तर तक गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई। अध्यक्ष अन्नू खान ने संगठन की ओर से फ्लैट ओनर्स के हित में किए जा रहे कार्यों की पूरी जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न सोसाइटियों से आए सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं और उनके समाधान के लिए संगठन की भूमिका पर खुलकर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव रखा गया कि इन सभी प्रमुख मुद्दों को संबंधित विभागों और शासन-प्रशासन के समक्ष सामूहिक रूप से उठाया जाएगा ताकि इनका जल्द समाधान हो सके।
कृष्णानंद बने संगठन मंत्री
संगठन के विस्तार के तहत महागुन मायवुड निवासी कृष्णानंद को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अध्यक्ष अन्नू खान ने उन्हें संगठन के विस्तार के लिए कार्ययोजना तैयार करने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के दौरान अधिक से अधिक सोसाइटियों के फ्लैट ओनर्स को संगठन से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया ताकि खरीदारों की आवाज को और अधिक मजबूत किया जा सके।
डेकोरी इंटीरियर्स को मिला सम्मान
बैठक के अंत में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डेकोरी इंटीरियर्स को ‘उत्कृष्ट सेवा अवार्ड’ देकर सम्मानित किया गया। संगठन के सभी सदस्यों ने कंपनी के कार्यों की सराहना की। इस पूरी बैठक में अन्नू खान, अनूप कुमार, अविनाश सिंह, दीपक दुबे, उमेश सिंह, किशोर कुमार, दीपक शर्मा, ओम उज्ज्वल, कृष्णानंद, सुशील सैनी, राजेंद्र मंटू, रामनारायण त्रिपाठी, अनुराग तोमर, अमित झा, अनिल कुमार, अनूप वर्मा, दुष्यन्त, ज्योति और सुनीता सिंह समेत कई अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।