बड़ी कार्रवाई: ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण ध्वस्त, 48 करोड़ की जमीन कराई गई कब्जा मुक्त

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर में करीब 24 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया है। मुक्त कराई गई इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 48 करोड़ रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई बुधवार को की गई, जहां कुछ कालोनाइजर अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे।
- बिलासपुर में 24 हजार वर्गमीटर जमीन कराई गई अतिक्रमण मुक्त।
- मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत 48 करोड़ रुपये है।
- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर हुई कार्रवाई।
अवैध निर्माण ध्वस्त और नोटिस की कार्रवाई
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि बिलासपुर के खसरा संख्या 1554 की जमीन पर कालोनाइजर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। प्राधिकरण की ओर से पहले ही उन्हें नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय में निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल-8 की टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण की अपील और चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या प्लॉटिंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी प्राप्त करें और किसी भी अवैध कॉलोनी में अपनी मेहनत की कमाई का निवेश न करें। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।