ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी में पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी ने किया हंगामा, मारपीट का वीडियो वायरल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-2 स्थित 14वें एवेन्यू में पति-पत्नी और दूसरी महिला के विवाद का मामला सामने आया है। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने हंगामा किया और दोनों महिलाओं के बीच हाथापाई हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बिसरख कोतवाली पुलिस ने पति के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-2 के 14वें एवेन्यू की घटना।
- पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी ने किया हंगामा।
- दोनों महिलाओं के बीच हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
- बिसरख कोतवाली पुलिस ने पति के खिलाफ शांतिभंग में की कार्रवाई।
आईटी कंपनी में करता है नौकरी
रविकर एक आईटी कंपनी में नौकरी करता है। उसकी कंपनी में काम करने वाली एक युवती के साथ उसके संबंध होने की बात सामने आई है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है और दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
फ्लैट खाली करने के दौरान हुआ विवाद
शुक्रवार को वह युवती गौर सिटी स्थित फ्लैट खाली करने पहुंची थी और उसके सामान को शिफ्ट कराने के लिए रविकर भी वहां पहुंचा था। रविकर की पत्नी नोएडा के सेक्टर-168 में रहती है। उसे जब पति के गौर सिटी में होने की जानकारी मिली तो वह भी फ्लैट पर पहुंच गई।
पुलिस ने की शांतिभंग की कार्रवाई
वहां पति को दूसरी महिला के साथ देखकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ने पर दोनों महिलाओं के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पति के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की।