ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, इलाके में दहशत

Kittu Kumari17 October 20261 min read0 viewsNCR
ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, इलाके में दहशत

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन मासूम बच्चे—11 साल का लड्डू, 7 साल की मिष्टी और 3 साल का साक्षात शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने तुरंत पुलिस बल, एम्बुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने घर की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट के जरिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती तौर पर यह मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा था, क्योंकि परिवार ने रात के खाने में नूडल्स खाए थे, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामला उलझता जा रहा है।

पारिवारिक विवाद और जहर की आशंका

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि मौके पर सामान्य फूड पॉइजनिंग के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। इस वजह से अब पुलिस किसी जहरीले पदार्थ के इस्तेमाल या जानबूझकर जहर दिए जाने की संभावना पर विचार कर रही है। जांच के दौरान एक और अहम मोड़ तब आया जब महेश की मां और पड़ोसियों ने खुलासा किया कि परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे।

पुलिस ने सभी पांच शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह क्या थी, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक लैब की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है और सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment