ग्रेटर नोएडा में नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 5 आरोपी धराए

Kittu Kumari14 August 20262 min read148 viewsNCR
ग्रेटर नोएडा में नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 5 आरोपी धराए

ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने नकली सोना दिखाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के चार आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे और सिक्के बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन 8 किलो 562 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा तीन लाख रुपये नकद, 10 कीपैड मोबाइल, नौ बैटरी, छह स्मार्टफोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला को झांसे में लेकर उसके गले की चेन और कान के कुंडल ठग लिए गए थे। महिला के बेटे की शिकायत पर थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पैसों का लालच देकर महिला से ले लिए जेवर

पुलिस के मुताबिक, महिला के पास एक व्यक्ति आकर बैठा। कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंचा और बताया कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है और वह घर से पैसे लेकर आया है। इसके बाद महिला के पास बैठे व्यक्ति ने उसे झांसे में लेते हुए कहा कि दोनों मिलकर उसके पैसों को बांट सकते हैं। उसने अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कहते हुए महिला से भी जेवर देने को कहा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपनी गले की चेन और कान के कुंडल उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी उसे गुमराह कर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से पकड़े

पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी का सहारा लिया। शुक्रवार को पुलिस ने नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को नकली सोना दिखाकर तथा कागजों की गड्डी के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद सोना देने के नाम पर लोगों से रुपये या जेवरात ले जाते थे।

8.56 किलो पीली धातु बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, जिनका वजन 5 किलो 224 ग्राम, तथा पीली धातु के सिक्के, जिनका वजन 3 किलो 338 ग्राम है, बरामद हुए हैं। इसके अलावा तीन लाख रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल, नौ मोबाइल बैटरी, छह स्मार्टफोन और संजू के कब्जे से एक अवैध चाकू मिला है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बिसरख में मु0अ0सं0 556/26, धारा 318(3), 317(2) बीएनएस और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अधिक जानकारी के लिए [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।

Share:

Comments

Leave a comment