ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर पुलिस ने पकड़ा 3 करोड़ का चोरी का माल, 3 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए औद्योगिक क्षेत्र साइट-बी स्थित 'आयोट्रोनिक्स कंपनी' में हुई करोड़ों की चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं और इस वारदात में शामिल तीन संदिग्धों को धर दबोचा है।
यह पूरी वारदात 9 और 10 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात को हुई थी। चोरों ने कंपनी की पिछली दीवार से एक बड़ा एग्जॉस्ट फैन हटाकर अंदर घुसने का रास्ता बनाया और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी, तभी 14 अक्टूबर को एक बड़ी सफलता मिली।
लोडर गाड़ी से बरामद हुए हजारों POS मशीन और सेटअप बॉक्स
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा, स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस की गश्ती टीम को न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास एक लोडर गाड़ी में संदिग्ध सामान ले जाने की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने गाड़ी की चेकिंग की, तो उसमें भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। पुलिस ने मौके से बिलाल (26 वर्ष, गाजियाबाद), सलमान (32 वर्ष, बुलंदशहर) और आदिल (26 वर्ष, बुलंदशहर) को गिरफ्तार किया है।
तलाशी के दौरान पुलिस को निम्नलिखित सामान बरामद हुए:
- 3,172 पेटीएम POS ट्रांजैक्शन मशीनें (जिसमें 1,512 प्रिंटर यूनिट और 1,660 मोबाइल टाइप डिवाइस शामिल हैं)
- 147 एयरटेल सेटअप बॉक्स
- एक बारकोड प्रिंटर और दो क्यूआर कोड स्कैनर
- 10 मदरबोर्ड और शोल्डर वायर के दो रोल
सामान के अलावा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लोडर गाड़ी और तीन अवैध चाकू भी जब्त किए हैं। सूरजपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) के तहत एफआईआर संख्या 578/2026 दर्ज की गई है। पकड़े गए आरोपियों ने दादरी इलाके के चार अन्य लोगों—इमरान, फरमान, राशिद और वसीम के नाम लिए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस अब छापेमारी कर रही है।