Greater Noida News: दनकौर में दहेज हत्या का केस दर्ज, सेक्टर-55 के नाले में मिला अज्ञात पुरुष का शव

दनकौर क्षेत्र में पंखे से फंदा लगाकर महिला की मौत के मामले में मायके पक्ष की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, सेक्टर-58 क्षेत्र में सफाई के दौरान बड़े नाले से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
यह ईमेल मूल रूप से [email protected] के माध्यम से प्राप्त हुई थी।
दनकौर में नवविवाहिता की मौत का मामला
थाना दनकौर क्षेत्र के मंडी श्याम नगर स्थित संस्कार कॉलोनी में वर्षा (20) पत्नी जतिन कुमार रहती थी। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार देर रात वर्षा का शव उसकी ससुराल में पंखे से फंदे पर लटका मिला। ससुराल पक्ष ने पुलिस को सूचना दी कि उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वर्षा और जतिन का अप्रैल 2026 में प्रेम विवाह हुआ था। पति के अनुसार रक्षाबंधन पर मायके जाने को बैग लेकर जाने की बात पर विवाद हुआ था। बुधवार सुबह मृतका के मायके वालों ने पति जतिन कुमार, ससुर सोनू और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सेक्टर-55 के नाले में मिला अज्ञात शव
थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में सेक्टर-55 के पास बड़े नाले में सफाई कार्य के दौरान एक अज्ञात पुरुष का शव मिला। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस को नाले में शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार शव पुराना प्रतीत हो रहा है और आशंका है कि वह नाले में पीछे से बहकर आया है। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाया गया और आसपास के लोगों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।