ग्रेटर नोएडा: बेटी की शादी से पहले सिलेंडर ब्लास्ट में पिता-पुत्र की मौत, परिवार में मातम
ग्रेटर नोएडा के दयानतपुर गांव में गैस सिलेंडर फटने से पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि बहू और पोता झुलस गए।

ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ दयानतपुर गांव में सोमवार शाम एक जोरदार धमाका हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रसोई में गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुए इस हादसे में 56 वर्षीय किसान वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे ज्यादा दुखद बात यह है कि इस परिवार में 2 दिसंबर को बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में मातम पसरा है।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रसोई में गैस लीक हो रही थी, तभी अचानक किसी चिंगारी या शॉर्ट सर्किट की वजह से सिलेंडर फट गया और भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि घर के दो सदस्यों की जान चली गई। इस हादसे में अभिषेक की पत्नी काजल और उनके दो साल के बेटे आदित्य भी चेहरे से झुलस गए हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जांच और मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार और एसीपी राजीव सिंह सिसोडिया ने पुष्टि की है कि शुरुआती जांच में गैस लीकेज और चिंगारी को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस त्रासदी के बाद जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार के आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ सहारा मिल सके।