ग्रेटर नोएडा में बड़ी वारदात: साइबर कैफे में हथियार के बल पर 80 हजार की लूट, पुलिस की 4 टीमें गठित

ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के मलकपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक साइबर कैफे में घुसकर दो बदमाशों ने हथियार के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए और इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
बैंक से निकाले थे रुपये
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि मलकपुर गांव में मोहित प्रजापति साइबर कैफे चलाते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर वह बैंक से रुपये निकालने गए थे और बैंक से तीन लाख रुपये निकाले थे। इनमें से दो लाख रुपये उन्होंने किसी व्यक्ति को दे दिए और एक लाख रुपये लेकर अपने कैफे लौट आए थे।
हथियार के बल पर लूटपाट
पुलिस के मुताबिक, मोहित के कैफे पहुंचने के कुछ देर बाद पीछे से दो बदमाश वहां पहुंचे और कैफे के अंदर घुस गए। दोनों ने हथियार के बल पर मोहित से 80 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। मोहित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस की चार टीमें जांच में जुटीं
पुलिस के मीडिया प्रभारी ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।