गाजियाबाद: जिम ट्रेनर के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार
गाजियाबाद में एक सरकारी अकाउंटेंट पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके जिम ट्रेनर को गिरफ्तार कर लिया है।

गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके से एक दिल दहलाज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी और जिम ट्रेनर के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी प्रिया शर्मा (32) और उसके फिटनेस ट्रेनर प्रताप सिंह (30) को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला अवैध संबंधों और साजिश का है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया।
घटना सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5:00 से 5:15 बजे के बीच की है। वसुंधरा सेक्टर 1 की जागृति आरडब्ल्यूए सोसाइटी में रहने वाले वरिष्ठ सरकारी अकाउंटेंट शशांक कांतारिया (35) जब अपनी छोटी बेटी के साथ गहरी नींद में सो रहे थे, तब उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वे अभी भी आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
अवैध संबंध और दिल्ली शिफ्ट होने का विरोध बना वजह
पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। इंद्रपुरम सर्कल के एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, शशांक को अक्टूबर की शुरुआत में ही अपनी पत्नी प्रिया और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह के बीच चल रहे प्रेम संबंधों का पता चल गया था। शशांक ने दिवाली के बाद अपने परिवार को दिल्ली ले जाने की योजना बनाई थी, लेकिन प्रिया इस फैसले के खिलाफ थी क्योंकि वह प्रताप सिंह के करीब रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों ने मिलकर शशांक को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जांच में पता चला है कि 25 अक्टूबर की सुबह मॉर्निंग रन के दौरान प्रिया और प्रताप ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की अंतिम योजना बनाई। वारदात के दिन प्रिया ने घर का दरवाजा खुला छोड़ दिया था ताकि प्रताप आसानी से अंदर घुस सके और सोते हुए शशांक पर हमला कर सके।
पुलिस ने इस मामले में पीड़ित के भाई की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 333 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले के अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।