गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: 80 लाख का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
गाजियाबाद पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 164 किलो गांजा बरामद किया है। आरोपी ओडिशा से तस्करी कर एनसीआर में सप्लाई करते थे।

गाजियाबाद में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। अपराध शाखा और मुरादनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 164 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में दो कथित तस्करों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से न केवल नशीला पदार्थ मिला, बल्कि तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक आयशर कैंटर भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
ओडिशा से एनसीआर तक फैला था तस्करी का जाल
पुलिस की पूछताछ में तस्करी के इस नेटवर्क का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा और विशाखापट्टनम जैसे इलाकों से गांजे की खेप मंगवाते थे। यहां से इस नशे की खेप को कैंटर के जरिए लाया जाता था और फिर इसे एनसीआर (NCR) समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इस नेटवर्क में कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि नशे की इस सप्लाई चेन को पूरी तरह से तोड़ा जा सके।