गाजियाबाद: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 16 मामलों में वांछित और 25 हजार के इनामी अपराधी अमजद को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद की शालीमार गार्डन पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मुठभेड़ के बाद एक शातिर अपराधी को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अमजद के रूप में हुई है, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। यह कार्रवाई तब हुई जब पुलिस की एक टीम भगत सिंह चौक पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, डीएलएफ चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी एक स्कूटर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन इस हड़बड़ाहट में उसका स्कूटर फिसल गया और वह गिर पड़ा। इसके बाद वह पास के कब्रिस्तान की एक गली में पैदल ही भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी, 16 केस दर्ज
एसीपी अतुल कुमार ने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपी को घेर रही थी, तब उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल अवस्था में अमजद को शालीमार गार्डन पुलिस ने हिरासत में ले लिया और प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि लोनी के प्रेम नगर का रहने वाला अमजद एक हिस्ट्रीशीटर है। उस पर गाजियाबाद के विभिन्न थानों में कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह अंकुर विहार थाने का वांछित अपराधी था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- एक .315 बोर का देसी कट्टा
- एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा
- एक चोरी का स्कूटर
- एक आईफोन
इस पूरी घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किन-किन अन्य वारदातों में शामिल रहा है।