मैट्रिमोनी साइट्स के जरिए 14 महिलाओं को ठगा, खुद को बताया करोड़पति; गाजियाबाद से गिरफ्तार

गाजियाबाद पुलिस ने मैट्रिमोनी साइट्स के जरिए 14 महिलाओं को ठगने और शादी करने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया है।

Kittu Kumari24 November 20262 min read0 viewsNCR
मैट्रिमोनी साइट्स के जरिए 14 महिलाओं को ठगा, खुद को बताया करोड़पति; गाजियाबाद से गिरफ्तार

शादी के सपने दिखाकर महिलाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले एक शातिर जालसाज को गाजियाबाद पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी ने मैट्रिमोनी वेबसाइट्स के जरिए करीब 14 महिलाओं को अपने जाल में फंसाया, उनसे शादी की और फिर उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से ठग लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

यह पूरी कार्रवाई नंदग्राम थाना पुलिस ने मेरठ की एक महिला द्वारा मई 2026 में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी राजस्थान के बीकानेर का रहने वाला है। वह 'जीवनसाथी' जैसी मैट्रिमोनी साइट्स पर अपनी फर्जी प्रोफाइल बनाता था और खुद को मुंबई का एक रईस बिजनेसमैन बताता था। भरोसा जीतने के लिए वह झूठ बोलता था कि उसके पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और उसका परिवार पिछले 30 सालों से मुंबई में रह रहा है। इतना ही नहीं, उसने गोवा में रिसॉर्ट्स और खाटू श्याम में पांच होटलों के मालिक होने का दावा भी किया था।

झूठे वादे और ब्लैकमेलिंग का खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली में 'विराट' नाम से अपनी पहचान बदल कर घूमता था। वह महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उससे करीब 18 लाख रुपये ठगे और अपनी बात साबित करने के लिए एक फर्जी मैरिज एग्रीमेंट भी थमा दिया। वहीं, मेरठ की एक महिला का दावा है कि शादी के बाद आरोपी ने उसे जबरन गर्भपात कराया और फिर मुंबई भाग गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में करीब 15 महिलाओं को अपना शिकार बनाया होगा। वह महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी करता था। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों की पहचान की जा सके और इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया जा सके।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment