गाजियाबाद: हाई टेंशन तार की चपेट में आईं तीन महिलाएं, दो की दर्दनाक मौत

गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मंगलवार सुबह एक टूटे हुए हाई टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों महिलाएं काम के लिए एक खेत में गई थीं।
घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे की है। राज नगर एक्सटेंशन में मिगसन सोसाइटी के सामने 22 सीजी स्टेडियम के पास स्थित एक खेत में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि खेत में हाई टेंशन बिजली का एक तार टूटा हुआ था, जो जमीन पर गिरा पड़ा था। जैसे ही महिलाएं वहां पहुंचीं, उनका पैर उस लाइव वायर पर पड़ गया और उन्हें जोरदार करंट लगा।
मृतकों की पहचान और घायल की स्थिति
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान 20 वर्षीय रूबी और 50 वर्षीय सत्यवती के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के खिरिया बखरपुर गांव की रहने वाली थीं और फिलहाल मिगसन सोसाइटी के पास एक झुग्गी में रह रही थीं। करंट इतना जोरदार था कि दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, इस घटना में 18 वर्षीय देवश्री भी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
नंदग्राम के एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 8:15 बजे इस हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और अब इस बात की जांच की जा रही है कि यह हाई टेंशन तार कितने समय से टूटा हुआ था और विभाग ने इसे ठीक क्यों नहीं किया।