गाजियाबाद में हार्डवेयर दुकान की छत गिरने से दर्दनाक हादसा, मलबे में दबने से एक की मौत और दो घायल

Kittu Kumari10 August 20262 min read129 viewsNCR
गाजियाबाद में हार्डवेयर दुकान की छत गिरने से दर्दनाक हादसा, मलबे में दबने से एक की मौत और दो घायल

उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के गुलाब वाटिका कॉलोनी के दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित हार्डवेयर की तीन मंजिला दुकान की छत सोमवार शाम को करीब चार बजे भरभराकर गिर गई। हादसे में एक राजमिस्त्री समेत तीन लोग मलबे में दब गए। दो श्रमिकों को समय रहते आसपास के लोगों ने मशक्कत से बाहर निकाल लिया, जबकि तीसरे को चार घंटे बाद एनडीआरएफ ने बाहर निकाला। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने राहत और बचाव कार्य किया। इस हादसे में मुकेश यादव की मौत हो गई, जबकि जतिन और अजीत घायल हो गए।

हादसे की मुख्य वजह और दुकान की स्थिति

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि दिल्ली के शाहदरा निवासी कुनाल जैन की गुलाब वाटिका कॉलोनी में हार्डवेयर की दुकान है और वहां दूसरी मंजिल पर गोदाम बना हुआ था। वह तीसरी मंजिल पर गार्डर-पत्थर से दुकान की छत बना रहे थे। छत पर अजीत निवासी गुलाब वाटिका कॉलोनी दीवारों पर प्लास्टर कर रहा था। तीनों मंजिल की छत गर्डर-पत्थर से बनी थी और सबसे ऊपर वाली मंजिल की छत अचानक गिरी तो एक के बाद एक तीनों मंजिल भरभराकर गिर गईं। इस दौरान राजमिस्त्री अजीत, पहली मंजिल पर दुकान में काम करने वाले मुकेश यादव और जतिन दूसरी मंजिल पर मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने दुकान में निर्माण और सामान रखने के तरीके पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि तीनों तल हार्डवेयर के भारी सामान से भरे हुए थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासनिक कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही लोनी एसडीएम दीपक कुमार, नायाब तहसीलदार रति गुप्ता, एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या और लोनी एसीपी राम किशन मौके पर पहुंचे। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि टीम मशीनों और दूसरे उपकरणों की मदद से सावधानी से मलबा हटा रही थी। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने लोगों को पीछे हटाया, ताकि रेस्क्यू टीम को काम करने में परेशानी न हो। एसडीएम ने पुष्टि की कि मुकेश की मौत हो गई है, जबकि दो श्रमिकों को बचा लिया गया है।

Share:

Comments

Leave a comment