गाजियाबाद में डीसीपी धवल जायसवाल ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा

गाजियाबाद में सावन कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा करके सुरक्षा इंतजामों की जांच की। गाजियाबाद में डीसीपी नगर/ट्रांसहिंडन धवल जायसवाल ने थाना मधुबन बापुधाम क्षेत्र के कांवड़ मार्ग और विभिन्न कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की।
कांवड़ मार्ग और सीसीटीवी कैमरों की जांच
डीसीपी ने कांवड़ मार्ग पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, यातायात व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था प्रबंधन की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं लगातार सक्रिय तथा प्रभावी बनी रहें।
ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग
डीसीपी धवल जायसवाल ने कांवड़ यात्रा मार्ग के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि डायवर्जन व्यवस्था का प्रभावी पालन कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों और आम लोगों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस कमिश्नर का बयान
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग में सुरक्षा, निगरानी और यातायात प्रबंधन पर विशेष फोकस रखा जा रहा है। इसके लिए पुलिस बल लगातार कांवड़ मार्गों पर तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।