दिल्ली में 31 अक्टूबर से शुरू होगा गायत्री परिवार का तीन दिवसीय शताब्दी समारोह
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 31 अक्टूबर से गायत्री परिवार का भव्य शताब्दी समारोह शुरू हो रहा है। जानें पूरी डिटेल।

देश की राजधानी दिल्ली में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक परिवर्तन का एक बड़ा संगम होने जा रहा है। ऑल वर्ल्ड गायत्री परिवार (AWGP) द्वारा 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में एक भव्य तीन दिवसीय गायत्री परिवार शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल एक उत्सव है, बल्कि आध्यात्मिक संकल्पों को दोहराने का एक बड़ा अवसर है।
यह समारोह बेहद खास है क्योंकि यह माता भगवती देवी शर्मा की 100वीं जयंती, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा 1926 में प्रज्वलित 'अखंड दीप' के शताब्दी वर्ष और संस्थापक की आध्यात्मिक साधना के 100 वर्षों को समर्पित है। डॉ. प्रणव पंड्या और शांतिकुंज की प्रमुख शैलबाला पंड्या के मार्गदर्शन में इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य 'युग निर्माण' के संकल्प और गायत्री परिवार की आध्यात्मिक विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना है।
तैयारियाँ पूरी, हजारों की संख्या में जुटेंगे श्रद्धालु
इस महाआयोजन की कमान देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या संभाल रहे हैं। स्टेडियम के भीतर सामूहिक मंत्रोच्चार के लिए एक विशेष 'गायत्री साधना स्थल' भी बनाया गया है। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ लगभग 24,000 प्रतिभागियों के आने की उम्मीद है, जिनमें 10,000 से ज्यादा युवा और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। इतने बड़े जमावड़े को संभालने के लिए हजारों स्वयंसेवक सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
समारोह के दौरान 'वसुधैव कुटुंबकम' और महिला उपलब्धियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का समापन 'ज्योति कभी बुझेगी नहीं' सत्र के साथ होगा। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में एक विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भारत मंडपम में हुई एक तैयारी बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके ने राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर जोर दिया था, जो इस संगठन के सामाजिक और आध्यात्मिक बदलाव के संकल्प को और मजबूती देता है।