बुलंदशहर में दिल्ली पुलिस और नोएडा STF का बड़ा एक्शन, एनकाउंटर में मारा गया गैंगस्टर नसीम दुर्रानी
दिल्ली पुलिस और नोएडा STF के संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मारा गया। वह सोनिया विहार मर्डर केस का मुख्य आरोपी था।

दिल्ली पुलिस और नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एक संयुक्त टीम ने बुलंदशहर में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को ढेर कर दिया है। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि दुर्रानी इस इलाके में छिपा हुआ है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में नसीम दुर्रानी गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
नसीम दुर्रानी पर दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में हुए एक सनसनीखेज मर्डर केस का आरोप था। बता दें कि 16 नवंबर को सोनिया विहार के जीरो पुस्ता के पास दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर 26 वर्षीय समीर (उर्फ भूरा) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में बाइक सवार हमलावरों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि यह हत्या गैंगवार के चलते की गई थी, क्योंकि समीर जेल में बंद हारून नाम के व्यक्ति का समर्थन कर रहा था, जिस पर राशिद नाम के शख्स के कत्ल का आरोप है।
छोटा शकील और छोटा राजन की साजिश से था जुड़ाव
नसीम दुर्रानी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और खौफनाक रहा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूटपाट जैसे 25 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह केवल स्थानीय अपराधों तक सीमित नहीं था, बल्कि अंडरवर्ल्ड से भी उसके तार जुड़े थे। साल 2016-17 के दौरान वह एक बड़ी साजिश में शामिल था, जिसे अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील ने रचा था। इस साजिश का मकसद तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन को खत्म करना था।
बुलंदशहर में हुई इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक खतरनाक अपराधी से पीछा छुड़ाया है, जो लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंक रहा था। पुलिस अब इस मामले में उसके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।