अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरफ्तार, गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर फायरिंग का था आरोप
मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार। एल्विश यादव के घर और शोरूम पर फायरिंग का था आरोप, अब भारत लाया जाएगा।

भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों की लिस्ट में शामिल हिमांशु भाऊ अब अमेरिकी एजेंसियों के शिकंजे में है। हरियाणा एसटीएफ, एनआईए और अन्य जांच एजेंसियों के बीच साझा की गई खुफिया जानकारी के बाद अमेरिका में यह बड़ी कार्रवाई की गई है। हिमांशु भाऊ के साथ उसके करीबी साथी नीरज फरीदपुरिया को भी गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम पुलिस और एसटीएफ को उम्मीद है कि जैसे ही हिमांशु भारत वापस आएगा, दिल्ली-एनसीआर में गैंगवार और रंगदारी के कई बड़े राज खुलेंगे।
गुरुग्राम में हिमांशु भाऊ का नाम दो ऐसी वारदातों से जुड़ा है जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। पहली बड़ी घटना मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के सेक्टर-57 स्थित घर पर हुई फायरिंग की थी। उस वक्त तीन शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं और उससे पहले एल्विश को करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हिमांशु भाऊ ने ही ली थी। वहीं, दूसरी बड़ी वारदात हीरो होंडा चौक के पास स्थित 'बिग बॉय टॉयज' कार शोरूम पर हुई फायरिंग थी, जिसकी जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी।
करोड़ों की रंगदारी और इनाम का था मामला
हिमांशु भाऊ के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। हरियाणा में बढ़ते गैंगवार और फिरौती के मामलों को देखते हुए हरियाणा एसटीएफ ने अगस्त 2026 में हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित पर 10-10 लाख रुपये के इनाम की सिफारिश की थी।
हरियाणा एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने बताया कि हिमांशु भाऊ को भारत लाने के लिए डिपोर्टेशन की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। एसटीएफ उसे भारत लाकर गहन पूछताछ करेगी। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से न केवल प्रदेश में फायरिंग और रंगदारी की घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि विदेश में बैठे अन्य गैंगस्टरों के नेटवर्क का भी पर्दाफाश हो सकेगा।