बिसलेरी पर एक्शन के बाद अब अन्य वॉटर ब्रांड्स की बारी, FSSAI देशभर में कर रहा है जांच
बिसलेरी के सैंपल को 'असुरक्षित' पाए जाने के बाद FSSAI अब देशभर के अन्य पैकेज्ड वॉटर ब्रांड्स की जांच कर रहा है। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की शुद्धता को लेकर बड़ी हलचल मची हुई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दिग्गज ब्रांड बिसलेरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बाद अब अपनी रडार पर अन्य कंपनियों को भी ले लिया है। सूत्रों के मुताबिक, देशभर के विभिन्न पैकेज्ड वॉटर ब्रांड्स के सैंपल इकट्ठे किए गए हैं और उनकी लैब टेस्टिंग की जा रही है। साथ ही, कंपनियों के प्लांट में इंस्पेक्शन और नियमों के पालन की जांच भी जारी रहेगी।
यह पूरी कार्रवाई तब शुरू हुई जब FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के एक सैंपल को 'असुरक्षित' पाया। रेगुलेटर ने बताया कि बिसलेरी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। इसके बाद जब कंपनी की अपील पर सैंपल को रेफरल लैब भेजा गया, तो वहां भी इसे असुरक्षित घोषित किया गया क्योंकि इसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी मिली। इसी आधार पर FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है।
बिसलेरी ने दी सफाई, कहा- हमारे उत्पाद सुरक्षित हैं
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बिसलेरी इंटरनेशनल ने दावा किया है कि उनके उत्पाद पूरी तरह सुरक्षित हैं और वे रेगुलेटर के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। कंपनी का कहना है कि यह मामला उनके गोवा प्लांट में सितंबर 2025 में तैयार हुए केवल एक बैच से जुड़ा है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि गोवा प्लांट से लिए गए छह सैंपल्स में से पांच बिल्कुल सही थे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 10 माइक्रो ग्राम की सीमा के मुकाबले 12 माइक्रो ग्राम पाई गई थी।
बिसलेरी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने जब इस सैंपल की जांच किसी अन्य FSSAI मान्यता प्राप्त लैब से कराई, तो वहां ब्रोमेट की मात्रा सीमा के भीतर पाई गई। कंपनी के अनुसार, उन्होंने ये नतीजे फरवरी 2026 में FSSAI के वेस्टर्न रीजनल ऑफिस को सौंप दिए थे और उन्हें लगा था कि मामला बंद हो गया है। हालांकि, अब FSSAI की इस कार्रवाई के बाद बाजार के अन्य ब्रांड्स की भी जांच शुरू हो गई है, जिससे पूरी इंडस्ट्री में खलबली मची हुई है।