FSSAI ने दिल्ली के बड़े होटलों पर की बड़ी कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर थमाए नोटिस

Kittu Kumari26 August 20262 min read107 viewsDelhi Local
FSSAI ने दिल्ली के बड़े होटलों पर की बड़ी कार्रवाई, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर थमाए नोटिस

FSSAI ने दिल्ली के एरोसिटी स्थित दो पांच सितारा होटलों पर सख्त कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बुधवार 26 अगस्त 2026 को निरीक्षण के बाद अंदाज दिल्ली और जेडब्ल्यू मैरियट को नोटिस जारी किए हैं। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले यह औचक निरीक्षण किए गए थे, जिसमें गंभीर खामियां पाई गईं। FSSAI की इस कार्रवाई से होटल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।

अंदाज दिल्ली होटल में मिलीं गंभीर कमियां और एक्सपायरी सामान

अंदाज दिल्ली होटल में FSSAI के निरीक्षकों को कुल 59 बड़ी कमियां मिलीं। यहां शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग न रखने, फ्रीजर के पास कॉकरोच, पीसने वाले क्षेत्र में मक्खियां और मकड़ी के जाले जैसी कीट गतिविधियां पाई गईं। एक कर्मचारी खुले घाव के साथ काम करता हुआ भी देखा गया। अधिकारियों ने लगभग 87 किलोग्राम एक्सपायरी सामान जब्त कर नष्ट किया, जिसमें मिठाइयां, केक बेस और ब्रेड शामिल थे। इसके अलावा पैकेजिंग पर गलत तारीख, सड़े हुए फल-सब्जियां, कचरा प्रबंधन की खराब स्थिति और बॉटलिंग प्लांट में गुटखा पैकेट भी मिला।

जेडब्ल्यू मैरियट में बिना लाइसेंस के गतिविधियां और फंगस लगा खाना

जेडब्ल्यू मैरियट होटल में बिना FSSAI लाइसेंस के खुदरा और रीलेबलिंग का काम चल रहा था। जांच में गलत FSSAI लाइसेंस नंबर, प्री-पैकेज्ड सामानों पर पूरा पता न होना और लाइसेंस का प्रमुखता से प्रदर्शित न होना सामने आया। होटल में कीट संक्रमण, गंदे बर्तन, पीने के पानी में कण और सेब-टमाटर जैसे खाद्य पदार्थों पर फंगस पाई गई।

FSSAI ने लिए नमूने और दिए सख्त निर्देश

FSSAI ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गाय का घी, मेयोनेज़, नारियल का दूध पाउडर, शहद, मसूर दाल, टमाटर सॉस और कुकीज के नमूने जांच के लिए लिए हैं। दोनों होटलों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने और विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है। नमूना परीक्षण के नतीजों के आधार पर भविष्य में आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।
DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment